Homeझारखंडपिकअप की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, मुआवजे की मांग पर सड़क...

पिकअप की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

पलामू। जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हैदरनगर-जपला मुख्य सड़क जाम कर दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने में जुटी है।

पिकअप ने खड़े टेम्पो में मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, हैदरनगर थाना क्षेत्र के सिमरसोत गांव के पास जपला-हैदरनगर मुख्य सड़क पर एक तेज रफ्तार पिकअप सवारी वाहन ने सड़क किनारे खड़े टेम्पो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेम्पो पर सवार पांच लोग घायल हो गए।

सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने 60 वर्षीय बिहारी पासवान को मृत घोषित कर दिया। मृतक समेत सभी पीड़ित हैदरनगर थाना क्षेत्र के सरहु लपेया गांव के निवासी हैं।

एक महिला की हालत गंभीर, चार का इलाज जारी

घायलों में कलावती देवी (45) की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर किया गया। वहीं नन्हकी देवी (40), अंजलि कुमारी (3) और परमशीला देवी (24) का उपचार अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में किया गया।

मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर कुकही मोड़ के पास हैदरनगर-जपला मुख्य सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया।

थाना प्रभारी तंजीलुल मनान मनौवर ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments