राहु महादशा के संकेत: बार-बार बिगड़ते काम, मानसिक भ्रम और अचानक नुकसान हो सकते हैं इशारा, जानें उपाय

वैदिक ज्योतिष में राहु को छाया ग्रह माना गया है, जो भ्रम, अचानक होने वाली घटनाओं, विदेश, रहस्य और अप्रत्याशित बदलावों का कारक है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, राहु की महादशा का प्रभाव हर व्यक्ति पर अलग-अलग पड़ता है। यह जन्मकुंडली में राहु की स्थिति, भाव, युति, दृष्टि, महादशा-अंतर्दशा और गोचर पर निर्भर करता है। हालांकि, कुछ सामान्य संकेत ऐसे होते हैं, जिनसे राहु के प्रतिकूल प्रभाव का अंदाजा लगाया जा सकता है। समय रहते इन संकेतों को पहचानकर उचित उपाय करने से इसके नकारात्मक प्रभावों को कम किया जा सकता है।

राहु महादशा के प्रमुख संकेत

राहु की प्रतिकूल दशा में बिना किसी स्पष्ट कारण के मानसिक भ्रम, अस्थिरता और निर्णय लेने में कठिनाई महसूस हो सकती है। व्यक्ति बार-बार अपने फैसले बदलता है और सही-गलत का आकलन करने में परेशानी होती है।

इस दौरान गलत संगति मिलने की आशंका भी बढ़ जाती है। स्वार्थी या भ्रमित करने वाले लोगों का साथ मिलने से जीवन में समस्याएं बढ़ सकती हैं। कड़ी मेहनत के बावजूद कार्यों में लगातार बाधाएं आना, सफलता हाथ से निकल जाना और निराशा बढ़ना भी राहु के प्रभाव का संकेत माना जाता है।

राहु के अशुभ प्रभाव से अचानक धन लाभ या अप्रत्याशित आर्थिक नुकसान, कोर्ट-कचहरी के मामले, सामाजिक प्रतिष्ठा पर असर और अनावश्यक विवाद जैसी परिस्थितियां भी बन सकती हैं। इसके अलावा शराब, सट्टा या अन्य अनैतिक कार्यों की ओर आकर्षण बढ़ना भी राहु के नकारात्मक प्रभाव का संकेत माना जाता है।

नींद पूरी न होना, डरावने सपने आना, लगातार तनाव, घबराहट, परिवार में छोटी-छोटी बातों पर विवाद, रिश्तों में दूरी और भविष्य को लेकर असुरक्षा की भावना भी राहु महादशा के लक्षण हो सकते हैं। यदि पूजा-पाठ और आध्यात्मिक कार्यों से मन हटकर केवल भौतिक आकर्षण और भ्रम में उलझने लगे, तो इसे भी राहु के प्रभाव से जोड़कर देखा जाता है।

राहु महादशा में करें ये उपाय

ज्योतिष विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे संकेत मिलने पर सबसे पहले किसी योग्य ज्योतिषी से अपनी जन्मकुंडली का परीक्षण कराना चाहिए। कुंडली में राहु की स्थिति के अनुसार ही उचित उपाय करना लाभकारी रहता है।

प्रतिदिन भगवान शिव का जलाभिषेक करें और श्रद्धापूर्वक उनका स्मरण करें। नियमित रूप से ‘ॐ रां राहवे नमः’ मंत्र का जाप करें। यदि प्रतिदिन संभव न हो तो शनिवार या राहुकाल में भी इसका जाप किया जा सकता है।

मां दुर्गा की उपासना, दुर्गा सप्तशती का पाठ और शनिवार को काले तिल, सरसों का तेल, काले या नीले वस्त्र तथा अन्न का दान भी शुभ माना गया है। सात्विक जीवनशैली अपनाना, झूठ और छल-कपट से दूर रहना, नियमित ध्यान, प्राणायाम और जप करना मानसिक शांति बनाए रखने में सहायक हो सकता है।

गोमेद रत्न धारण करने की सलाह केवल योग्य वैदिक ज्योतिषी के परामर्श के बाद ही माननी चाहिए। बिना विशेषज्ञ की सलाह के कोई भी रत्न धारण नहीं करना चाहिए।

ध्यान दें: ज्योतिषीय मान्यताएं पारंपरिक विश्वासों पर आधारित हैं। इनका उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक जानकारी देना है। इन्हें किसी वैज्ञानिक या चिकित्सकीय सलाह का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *