Homeक्राइमरांची के कारोबारी से एक करोड़ की रंगदारी की मांग, प्रिंस खान...

रांची के कारोबारी से एक करोड़ की रंगदारी की मांग, प्रिंस खान के नाम पर मिली जान से मारने की धमकी

रांची। राजधानी रांची में कारोबारियों से गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बरियातू थाना क्षेत्र का है, जहां एक कारोबारी से व्हाट्सऐप संदेश के जरिए एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। रकम नहीं देने पर कारोबारी और उनके परिवार की हत्या की धमकी भी दी गई है।

विदेशी नंबर से भेजा गया धमकी भरा संदेश

बरियातू के रानी बागान निवासी कारोबारी बिजेंद्र सिंह ने बरियातू थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप पर संदेश मिला, जिसमें भेजने वाले ने खुद को दुबई में मौजूद गैंगस्टर प्रिंस खान बताया।

संदेश में एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि रकम नहीं दी गई तो कारोबारी और उनके परिवार को जान से मार दिया जाएगा।

परिवार और वाहन की जानकारी देकर डराने की कोशिश

कारोबारी के अनुसार, धमकी देने वाले ने संदेश में उनके परिवार के सदस्यों का भी जिक्र किया। इतना ही नहीं, उनकी कार का नंबर और रंग भी बताया गया। संदेश में लिखा गया कि यदि “सेटलमेंट” नहीं किया गया तो उनकी सफेद कार कभी भी लाल हो जाएगी, जिसे जानलेवा हमले की धमकी माना जा रहा है।

साइबर टीम जांच में जुटी

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद बरियातू थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस की तकनीकी शाखा और साइबर टीम विदेशी नंबर तथा संदेश भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि रंगदारी की मांग वास्तव में गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा की गई है या फिर उसके नाम का इस्तेमाल कर कोई अन्य अपराधी कारोबारियों को निशाना बना रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments