रांची/नई दिल्ली। झारखंड सरकार राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से 8 और 9 जुलाई को नई दिल्ली के ताज होटल में दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन 2026 का आयोजन कर रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में देश-विदेश के निवेशक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, नीति निर्माता और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल होंगे।
डिजिटल गवर्नेंस और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर रहेगा पहले दिन का फोकस
“अनंत अवसरों की खोज” विषय पर आयोजित इस समिट की शुरुआत बुधवार दोपहर दो बजे होगी। पहले दिन डिजिटल गवर्नेंस, सूचना प्रौद्योगिकी अवसंरचना और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। इसके साथ ही उद्योग जगत और सरकार के बीच बिजनेस-टू-गवर्नमेंट संवाद भी आयोजित किया जाएगा।
दिन के अंतिम सत्र में “झारखंड में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का भविष्य” विषय पर विशेष चर्चा होगी। इस दौरान राज्य की प्रस्तावित कृत्रिम बुद्धिमत्ता नीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी विभाग और विभिन्न कंपनियों के बीच कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
दूसरे दिन निवेश, पर्यटन और उद्योग पर होगा मंथन
समिट के दूसरे दिन 9 जुलाई को समावेशी विकास, निवेश और पर्यटन को केंद्र में रखकर विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। राज्य की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों और औद्योगिक संभावनाओं को निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद औद्योगिक प्रोत्साहन और नए उद्योगों की स्थापना से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।
सरकार और कई प्रमुख औद्योगिक समूहों के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर की भी योजना है। सरकार का मानना है कि इन समझौतों से राज्य में निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। समिट के समापन पर शाम साढ़े पांच बजे मीडिया को प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
कई नई नीतियों के प्रारूप होंगे जारी
दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान झारखंड कृत्रिम बुद्धिमत्ता नीति, झारखंड निवेश प्रोत्साहन नीति, झारखंड पर्यटन नीति, झारखंड वस्त्र नीति, जियाडा विनियम और सार्वजनिक-निजी भागीदारी नीति सहित कई महत्वपूर्ण नीतियों के प्रारूप जारी किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य इन नई नीतियों के माध्यम से झारखंड को सूचना प्रौद्योगिकी, डिजिटल गवर्नेंस, उद्योग और पर्यटन के क्षेत्र में निवेश के लिए अधिक आकर्षक बनाना है।
