फीफा विश्व कप : मोरक्को से महामुकाबले के लिए तैयार फ्रांस, लगातार तीसरे सेमीफाइनल पर नजर

बोस्टन : फीफा विश्व कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में मोरक्को से होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले फ्रांस ने सोशल मीडिया पर खास अंदाज में तैयारी का संदेश दिया है।

फ्रांस की टीम ने विंगर माइकल ओलीसे का शतरंज खेलते हुए वीडियो साझा किया और लिखा, “खेल शुरू हो चुका है, आज रात मिलते हैं।” इस पोस्ट को मोरक्को के खिलाफ होने वाली रणनीतिक जंग का प्रतीक माना जा रहा है।

दिदिएर डेसचैम्प की टीम इस टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी पांच मुकाबले जीत चुकी है।

ग्रुप चरण में शीर्ष पर रहने के बाद फ्रांस ने नॉकआउट मुकाबलों में स्वीडन और पैराग्वे को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। राउंड ऑफ-16 में पैराग्वे के खिलाफ कप्तान किलियन एमबाप्पे की पेनाल्टी टीम की 1-0 की जीत का निर्णायक क्षण रही।

फ्रांस ने टूर्नामेंट में अब तक 13 गोल किए हैं। एमबाप्पे, उस्मान डेम्बेले, माइकल ओलीसे और ब्रैडली बारकोला की आक्रामक तिकड़ी विपक्षी टीमों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। वहीं, युवा मिडफील्डर डिजायर डुए ने भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है।

डेसचैम्प के नाम दर्ज हो सकता है बड़ा रिकॉर्ड

फ्रांस के मुख्य कोच दिदिएर डेसचैम्प इस मुकाबले के साथ फीफा विश्व कप में अपने 25वें मैच में टीम की कोचिंग करेंगे और जर्मनी के दिग्गज हेल्मुट शोन के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। इसके अलावा वह विश्व कप में फ्रांस के कोच के रूप में अपनी 20वीं जीत दर्ज करने से भी सिर्फ एक कदम दूर हैं।

मोरक्को भी शानदार लय में

दूसरी ओर मोरक्को की टीम भी पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी। विश्व रैंकिंग में सातवें स्थान पर काबिज मोरक्को ने ग्रुप चरण में उपविजेता रहते हुए नॉकआउट में नीदरलैंड्स को पेनाल्टी शूटआउट में हराया और फिर राउंड ऑफ-16 में सह-मेजबान कनाडा को 3-0 से मात दी। कनाडा के खिलाफ अज़्ज़ेदीन औनाही ने दो गोल किए, जबकि सौफियान रहीमी ने एक गोल दागा।

मोरक्को जनवरी में हुए अफ्रीका कप ऑफ नेशंस के फाइनल के बाद से लगातार 10 मैचों में अजेय है।

हालांकि फ्रांस के खिलाफ खेले गए पिछले छह मुकाबलों में उसे अब तक एक भी जीत नहीं मिली है। दोनों टीमों की पिछली प्रतिस्पर्धी भिड़ंत फीफा विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में हुई थी, जिसमें फ्रांस ने 2-0 से जीत दर्ज की थी। फ्रांस और मोरक्को के बीच इस मुकाबले की विजेता टीम फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचेगी, जहां उसका सामना स्पेन और बेल्जियम के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल की विजेता से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *