Homeबिहारबांकीपुर उपचुनाव: बीजेपी ने बदला उम्मीदवार, नीरज सिन्हा को बनाया प्रत्याशी

बांकीपुर उपचुनाव: बीजेपी ने बदला उम्मीदवार, नीरज सिन्हा को बनाया प्रत्याशी

पटना। बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बड़ा फैसला लेते हुए अपना उम्मीदवार बदल दिया है। पार्टी ने अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ की जगह नीरज कुमार सिन्हा को नया प्रत्याशी घोषित किया है। अब बांकीपुर सीट पर नीरज सिन्हा का मुकाबला जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा गुप्ता से होगा।

अभिषेक बंटी ने नामांकन के बाद छोड़ा मैदान

भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ को उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने गुरुवार को पार्टी प्रत्याशी के रूप में नामांकन भी दाखिल किया था, लेकिन अगले ही दिन चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। पटना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने चुनावी मैदान से हटने की घोषणा की। इससे पहले उन्होंने अपने निर्णय की जानकारी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी को भी दी थी।

अभिषेक बंटी के नामांकन के दौरान भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। उनके समर्थन में आयोजित जनसभा में भी गठबंधन के नेताओं ने जीत की अपील की थी।

कौन हैं नीरज सिन्हा?

नीरज कुमार सिन्हा नरेंद्र भारती मंडल के अध्यक्ष हैं। वह लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं और भारतीय जनता युवा मोर्चा में जिला उपाध्यक्ष के साथ-साथ दो बार मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। वह स्नातक शिक्षित हैं और पटना के निवासी हैं।

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति के निर्णय के बाद पार्टी मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने नीरज सिन्हा की उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा की।

30 जुलाई को होगा मतदान

बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान होगा। यह सीट पूर्व विधायक नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। राज्यसभा जाने के कारण उन्होंने विधानसभा की सदस्यता छोड़ दी थी।

उम्मीदवार बदलने की वजह स्पष्ट नहीं

भाजपा ने उम्मीदवार बदलने के पीछे आधिकारिक कारण नहीं बताया है। हालांकि, पार्टी सूत्रों के अनुसार अभिषेक बंटी ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए नामांकन वापस लेने की इच्छा जताई थी। इस फैसले के बाद बांकीपुर की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments