Homeझारखंडझारखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 13-14 जुलाई को भारी बारिश का...

झारखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 13-14 जुलाई को भारी बारिश का येलो अलर्ट

रांची। झारखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने 13 और 14 जुलाई को राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

12 से 14 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, 12 जुलाई को राज्य के उत्तर-पूर्वी और उससे सटे मध्यवर्ती क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं 13 जुलाई को उत्तर-पूर्वी, मध्यवर्ती और दक्षिण-पूर्वी जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। 14 जुलाई को भी उत्तर-पूर्वी और उससे सटे मध्यवर्ती इलाकों में तेज बारिश का अनुमान है। विभाग ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

लगातार बारिश से मौसम सुहावना, तापमान में गिरावट

जुलाई में मानसून के दोबारा सक्रिय होने के बाद रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में लगातार बारिश हो रही है। इससे तापमान में गिरावट आई है और उमसभरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। शनिवार को रांची में सुबह से बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की बारिश होती रही।

पिछले 24 घंटे का मौसम अपडेट

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 94.2 मिलीमीटर बारिश जामताड़ा डीवीसी क्षेत्र में दर्ज की गई। वहीं राज्य का सर्वाधिक तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस पाकुड़ में और न्यूनतम 21.3 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।

शनिवार को प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा—

  • रांची: अधिकतम 28.9°, न्यूनतम 22.5° सेल्सियस
  • जमशेदपुर: अधिकतम 32.4°, न्यूनतम 24.0° सेल्सियस
  • डाल्टनगंज: अधिकतम 32.4°, न्यूनतम 24.4° सेल्सियस
  • बोकारो: अधिकतम 31.1°, न्यूनतम 25.1° सेल्सियस
  • चाईबासा: अधिकतम 31.8°, न्यूनतम 23.6° सेल्सियस

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments