Homeझारखंडपलामूअवैध हथियार की सूचना देने पर पुलिस देगी इनाम, पहचान रहेगी गोपनीय

अवैध हथियार की सूचना देने पर पुलिस देगी इनाम, पहचान रहेगी गोपनीय

पलामू। नक्सलियों के हथियारों की सूचना पर इनाम देने की तर्ज पर अब पलामू पुलिस ने अपराधियों के अवैध हथियारों को भी निशाने पर लिया है। पुलिस ने अवैध हथियारों की जानकारी देने वालों के लिए इनाम की घोषणा की है। सूचना देने वाले की पहचान और इनाम की राशि पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

हथियार के अनुसार तय किया गया इनाम

ऑटोमेटिक हथियार की सूचना देने पर 20 हजार रुपये से अधिक, पिस्टल की जानकारी देने पर 15 हजार रुपये और देसी कट्टा बरामद कराने वाली सूचना पर पांच हजार रुपये तक इनाम दिया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य अवैध हथियारों की उपलब्धता पर प्रभावी तरीके से रोक लगाना और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और मजबूत करना है।

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने मंगलवार को बताया कि आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान जिले में 851 आरोपित चिह्नित हुए हैं। अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए यह पहल की गई है। मई 2026 तक जिले में 48 हत्याएं हुई हैं, जिनमें 10 से अधिक मामलों में अवैध हथियारों के इस्तेमाल की बात सामने आई है।

ऑपरेशन सफाया में 30 से अधिक हथियार बरामद

पुलिस ने जुलाई-अगस्त में ऑपरेशन सफाया के तहत 30 से अधिक हथियार बरामद किए हैं। वर्ष 2023 से अब तक नक्सलियों और अपराधियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में 300 से अधिक हथियार जब्त किए जा चुके हैं। इनमें देसी कट्टे सबसे अधिक हैं।

वर्ष 2023 में 56, वर्ष 2024 में 48, वर्ष 2025 में 47 और वर्ष 2026 में अगस्त के पहले सप्ताह तक 35 से अधिक हथियार बरामद किए गए हैं।

सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपराधियों के पास मौजूद अवैध हथियारों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments