कोडरमा। जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र के जामू बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का कोडरमा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गए सामानों की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है। घटना में प्रयुक्त औजार और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।
तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान से मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस की विशेष अनुसंधान टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर घटना में शामिल सभी चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, जामू निवासी मोबाइल दुकानदार उमेश कुमार के लिखित आवेदन पर मरकच्चो थाना में कांड संख्या 56/26 दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण, संदिग्धों से पूछताछ तथा अन्य वैज्ञानिक अनुसंधान किया। जांच के दौरान डॉग स्क्वाड की भी मदद ली गई। लगातार जांच और छापेमारी के बाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी का पूरा सामान बरामद
पूछताछ में आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी गए सभी सामान बरामद कर लिए गए। गिरफ्तार आरोपितों में शाहिल खान उर्फ सोनू खान उर्फ सोमुवा खान, आदर्श कुमार, रवि कुमार और सोनू कुमार शामिल हैं। पुलिस इनके पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार बरामद सामानों में 31 एंड्रॉयड मोबाइल, 23 कीपैड मोबाइल, 10 ईयर बड्स, तीन स्मार्ट वॉच, दो मोटरसाइकिल, पावर एडाप्टर, 3,855 रुपये नकद, लोहे का सब्बल, हेक्सा ब्लेड तथा पिस्तौलनुमा लाइटर शामिल हैं।
छापेमारी दल में मरकच्चो थाना प्रभारी बमबम कुमार, तिलैया डैम ओपी प्रभारी प्रेम कुमार, नफीश अहमद, कार्तिक सिंह मुंडा तथा मरकच्चो थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।



