चाईबासा। भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने पुरी आने-जाने वाले यात्रियों के लिए तीन जोड़ी विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। ये ट्रेनें चक्रधरपुर मंडल से होकर गुजरेंगी, जिससे झारखंड, ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालुओं को सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी।
तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
रेलवे द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 08331/08332 राउरकेला–पुरी–राउरकेला रथ यात्रा स्पेशल का संचालन 15 और 23 जुलाई को राउरकेला से तथा 17 और 25 जुलाई को पुरी से किया जाएगा। यह ट्रेन राउरकेला, झारसुगुड़ा, संबलपुर, अंगुल, ढेंकानाल, कटक, भुवनेश्वर और खुर्दा रोड होते हुए पुरी पहुंचेगी। इसमें 20 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे, जिनमें वातानुकूलित, स्लीपर, सामान्य और एसएलआरडी कोच शामिल होंगे।
इसी तरह 08569/08570 बामड़ा–पुरी–बामड़ा मेमू स्पेशल 15 और 23 जुलाई को बामड़ा से तथा 17 और 25 जुलाई को पुरी से चलेगी। यह ट्रेन टाटानगर, गम्हरिया, सिनी, राजखरसावां, चाईबासा, नोआमुंडी और बंसपानी समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इस सेवा में आठ कोच वाली मेमू रेक का उपयोग किया जाएगा, जिससे कोल्हान क्षेत्र के श्रद्धालुओं को सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा 08567/08568 बड़बिल–पुरी–बड़बिल स्पेशल 15 और 23 जुलाई को बड़बिल से तथा 16 और 24 जुलाई को पुरी से संचालित होगी। यह ट्रेन बड़ाजामदा, नोआमुंडी, डांगुवापोसी, जराईकेला, बंसपानी, जखपुरा, कटक, भुवनेश्वर और खुर्दा रोड होते हुए पुरी पहुंचेगी। इस ट्रेन में भी 20 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे।
श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत
दक्षिण पूर्व रेलवे ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान पुरी जाने वाले यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त रेल सेवाएं शुरू की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा मिल सके। इन विशेष ट्रेनों से चक्रधरपुर मंडल के टाटानगर, चाईबासा, राजखरसावां, गम्हरिया, बड़बिल, राउरकेला और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।
