जूनागढ़। गुजरात के जूनागढ़ जिले में शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग बनासकांठा से सोमनाथ अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे। हादसा मजेवड़ी गांव के पास फोरलेन हाईवे पर खड़े ट्रक से कार की टक्कर के कारण हुआ।
अस्थि विसर्जन के लिए जा रहा था परिवार
पुलिस के अनुसार, बनासकांठा का एक परिवार कार से सोमनाथ जा रहा था। रास्ते में जूनागढ़ जिले के मजेवड़ी गांव के पास उनकी कार हाईवे पर खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो घायलों की हालत नाजुक
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को जूनागढ़ सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उनका आईसीयू में इलाज चल रहा है। अन्य दो घायलों का भी उपचार जारी है।
हाईवे पर ट्रक खड़ा होने की जांच
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार सड़क पर खड़े ट्रक से टकराई थी। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रक हाईवे पर क्यों खड़ा था और हादसे के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था।
इस हादसे के बाद बनासकांठा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
