रांची। झारखंड सरकार ने विभिन्न सरकारी विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर सभी विभागों को रिक्त पदों का ब्योरा तैयार कर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य के विभिन्न विभागों में 3,51,968 नियमित पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से केवल 1,87,610 पदों पर ही कर्मचारी और अधिकारी कार्यरत हैं। यानी बड़ी संख्या में पद अभी भी रिक्त हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और गृह विभाग में सबसे ज्यादा रिक्तियां
सबसे अधिक खाली पद शिक्षा, स्वास्थ्य और गृह विभाग में हैं। सरकार ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) को पहले से विज्ञापित पदों की भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया है। वहीं, अन्य विभागों से प्राप्त रिक्तियों के आधार पर नई अधियाचनाएं भी भेजी जाएंगी।
आने वाले समय में सरकारी स्कूलों में सहायक शिक्षक, स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सक और चिकित्सा कर्मी, अभियंता तथा अन्य तकनीकी और प्रशासनिक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। सरकार की योजना है कि सब कुछ तय समय पर हुआ तो स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर करीब 25 हजार नियुक्तियां की जाएंगी।
सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के दिए निर्देश
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर सभी विभागों में स्वीकृत पदों के मुकाबले खाली पदों को तेजी से भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान कार्यकाल में अब तक 40 हजार से अधिक नियुक्तियां की जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी को लंबित परीक्षाएं और चयन प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य अपने कार्यकाल के दौरान अधिक से अधिक रिक्त पदों को भरकर युवाओं को सरकारी नौकरी के अवसर उपलब्ध कराना है।
