Homeक्राइमअंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, सरगना गिरफ्तार, पांच चोरी की बाइक...

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, सरगना गिरफ्तार, पांच चोरी की बाइक बरामद

दुमका। दुमका पुलिस ने झारखंड और पश्चिम बंगाल में सक्रिय अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके सरगना मिथुन उर्फ बिशु मंडल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की पांच बाइक भी बरामद की हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।

झारखंड और बंगाल में फैला था गिरोह का नेटवर्क

दुमका एसडीपीओ दिलीप खलको ने बताया कि गिरोह दुमका, जामताड़ा, धनबाद के अलावा पश्चिम बंगाल के बीरभूम और मालदा जिलों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपित पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

बरामद की गई बाइक दुमका, जामताड़ा के नाला, धनबाद के सरायढेला और पश्चिम बंगाल के सिउड़ी क्षेत्र से चोरी की गई थीं।

बाइक चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपित

एसडीपीओ ने बताया कि लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। 15 जुलाई को शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित लकड़ा अपनी टीम के साथ कुशपहाड़ी हाट में गश्त कर रहे थे।

इसी दौरान एक युवक को चाबी की मदद से बाइक का लॉक खोलते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान मिथुन उर्फ बिशु मंडल के रूप में हुई। जांच में पता चला कि उसके खिलाफ पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मालदा और फरक्का में बेचता था चोरी की बाइक

पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह अपने दो साथियों के साथ चोरी की बाइक से दुमका आया था और अन्य बाइक चोरी करने की योजना बना रहा था। उसकी गिरफ्तारी के दौरान दोनों साथी फरार हो गए।

आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट स्थित उसके ठिकाने पर छापेमारी कर चार और चोरी की बाइक बरामद की।

पुलिस के अनुसार, गिरोह चोरी की बाइक को पश्चिम बंगाल के मालदा और फरक्का ले जाकर 10 से 20 हजार रुपये में बेच देता था। यह क्षेत्र बांग्लादेश सीमा के करीब होने के कारण पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। आरोपित को रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments