नई दिल्ली। सोशल मीडिया अभियान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर जाकर बातचीत करने से इनकार कर दिया है। सीजेपी ने सरकार के सामने प्रस्ताव रखा है कि वार्ता जंतर-मंतर या उसके आसपास किसी तटस्थ स्थान पर होनी चाहिए।
सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि पुलिस ने सुबह सीजेपी प्रतिनिधियों से संपर्क कर जानकारी दी थी कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा बातचीत करना चाहते हैं और उन्होंने अपने आवास पर आने का निमंत्रण दिया है। हालांकि सीजेपी ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।
जंतर-मंतर पर बातचीत की मांग
सौरभ दास ने कहा कि सीजेपी का कोई भी प्रतिनिधि किसी मंत्री के आवास या कार्यालय पर जाकर बातचीत नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर जनता के मुद्दों को लेकर प्रदर्शन चल रहा है और यदि सरकार बातचीत करना चाहती है तो उसे प्रदर्शन स्थल के पास आकर वार्ता करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि सुरक्षा कारणों से मंत्री जंतर-मंतर नहीं आ सकते हैं तो प्रदर्शन स्थल के नजदीक किसी तटस्थ स्थान पर बातचीत की जा सकती है। उन्होंने बताया कि अब सीजेपी केंद्रीय मंत्री की ओर से आने वाले जवाब का इंतजार कर रही है।
ठोस निर्णय के साथ हो वार्ता : सीजेपी
सीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि सरकार की मंशा केवल औपचारिक बातचीत तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि प्रदर्शनकारियों की मांगों पर ठोस निर्णय लेने की पहल होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना किसी स्पष्ट उद्देश्य के चर्चा का कोई मतलब नहीं है।
उन्होंने बताया कि हजारों लोग अभी भी प्रदर्शन में शामिल हैं और संगठन का पूरा ध्यान आंदोलन को आगे बढ़ाने पर है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि वह वास्तव में प्रदर्शनकारियों से सार्थक बातचीत करना चाहती है या नहीं।
उल्लेखनीय है कि 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान सीजेपी के दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जेपी नड्डा के आवास पहुंचकर उन्हें ज्ञापन सौंपा था। प्रतिनिधिमंडल में सौरभ दास और आशुतोष रांका शामिल थे। इस दौरान जेपी नड्डा ने सीजेपी से धरना समाप्त करने का आग्रह किया था।


