रांची। राजधानी रांची समेत झारखंड के सभी हिस्सों में 26 से 29 जुलाई तक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। विभाग के अनुसार निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण आने वाले दिनों में राज्य में अच्छी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि 27 जुलाई तक राज्य के कई स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
गुड़ाबांधा में सबसे अधिक बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांधा में सबसे अधिक 57.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान दुमका में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
गुरुवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। बारिश के कारण मौसम सुहाना बना रहा और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
रांची में 25.6 डिग्री रहा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री, डालटनगंज में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 30.1 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 28.4 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


