कोडरमा। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की कोलकाता टीम ने गुरुवार को कोडरमा जिले के नवलशाही और डोमचांच क्षेत्र स्थित कई विस्फोटक भंडारण केंद्रों में छापेमारी की। यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में वर्ष 2024 में हुए विस्फोट मामले की जांच के सिलसिले में की गई।
जांच के दौरान एजेंसी को कोडरमा से विस्फोटकों के संभावित संबंध के संकेत मिले थे, जिसके बाद यह अभियान चलाया गया। एनआईए की कई टीमें जिले के अलग-अलग इलाकों में एक साथ जांच कर रही हैं।
दो लोगों से पूछताछ जारी
कार्रवाई के दौरान लोकाई निवासी शंकर यादव और डोमचांच थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी महेश कुमार मेहता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, शंकर यादव से मिली जानकारी के आधार पर टीम ने जिले के विभिन्न विस्फोटक भंडारण केंद्रों की जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने दस्तावेजों का सत्यापन किया और विस्फोटकों के भंडारण, आपूर्ति तथा उपयोग से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाई।
अवैध गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की जांच
कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने बताया कि कोलकाता एनआईए की टीम एक मामले की जांच के सिलसिले में जिले पहुंची है। स्थानीय पुलिस जांच में सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
सूत्रों के मुताबिक, एनआईए यह भी पता लगा रही है कि विस्फोटकों का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर अवैध खनन या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में तो नहीं किया गया। फिलहाल एजेंसी की कार्रवाई जारी है।


