ग्लासगो। दक्षिण अफ्रीका के स्टार तैराक चैड ले क्लोस ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में इतिहास रच दिया है। पुरुषों की 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने के साथ ही वह राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में सबसे अधिक पदक जीतने वाले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं।
19 पदकों के साथ बनाया रिकॉर्ड
ग्लासगो में शुक्रवार को आयोजित 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले स्पर्धा में पीटर कोएट्जे, गाय ब्रूक्स, रुआर्ड वान रेनेन और चैड ले क्लोस की दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 3 मिनट 13.99 सेकेंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता।
इस पदक के साथ चैड ले क्लोस के राष्ट्रमंडल खेलों में कुल पदकों की संख्या 19 हो गई है। इनमें सात स्वर्ण पदक भी शामिल हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने प्रतियोगिता के इतिहास में सबसे सफल पुरुष खिलाड़ी का दर्जा हासिल कर लिया।
पदक जीतकर भावुक हुए ले क्लोस
कांस्य पदक जीतने के बाद ले क्लोस ने कहा कि यह पदक उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में कई बार वह सफलता के बेहद करीब पहुंचकर भी चूक गए और कठिन दौर से गुजरे। उन्होंने अपने परिवार का आभार जताते हुए कहा कि परिवार ने हर कदम पर उनका साथ दिया।
ऑस्ट्रेलिया पदक तालिका में शीर्ष पर
इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक ऑस्ट्रेलिया ने जीता। ऑस्ट्रेलिया छह स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य सहित कुल 13 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है। वहीं दक्षिण अफ्रीका के खाते में एक स्वर्ण और दो कांस्य सहित कुल तीन पदक हैं।


