हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी की पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में शनिवार देर रात अपराधियों ने कोयला ढुलाई कर रहे दो हाइवा वाहनों पर फायरिंग कर दी। हमलावरों ने वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
सात राउंड फायरिंग का पुलिस का दावा
घटना तेरह माईल से करीब 200 मीटर आगे की बताई जा रही है। चालकों के अनुसार, तीन अपराधी पहले से घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही दो हाइवा वाहन वहां पहुंचे, उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस और चालकों के अनुसार, करीब सात राउंड गोलियां चलाई गईं। इसके बाद अपराधियों ने लोहे की रॉड से दोनों वाहनों के शीशे तोड़ दिए और फरार हो गए।
घटनास्थल से मिला ‘प्रिंस खान’ नाम का पर्चा
पुलिस ने घटनास्थल से ‘प्रिंस खान’ नाम का एक पर्चा बरामद किया है, जिसे जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद कोयला परिवहन की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
ऑडियो जारी कर पुलिस के दावे को चुनौती
घटना के बाद ‘प्रिंस खान’ के नाम से जारी एक कथित ऑडियो सामने आया है। इसमें पुलिस के दावों को खारिज करते हुए 40 राउंड फायरिंग और पांच वाहनों को नुकसान पहुंचाने का दावा किया गया है। साथ ही आठ पर्चे छोड़े जाने की बात भी कही गई है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पहले भी हो चुकी है वारदात
यह इस वर्ष की पहली घटना नहीं है। इससे पहले 22 अप्रैल 2026 को भी इसी क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक हाइवा वाहन में आग लगा दी थी। लगातार हो रही घटनाओं से ट्रांसपोर्टरों और चालकों में भय का माहौल है। परियोजना प्रबंधन ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने तेज की जांच
बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है।


