HomeBreaking Newsज्वेलरी चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 65 लाख की चोरी में शामिल दो...

ज्वेलरी चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 65 लाख की चोरी में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार

रांची। रांची पुलिस ने ज्वेलरी दुकानों में चोरी कर आभूषणों की खरीद-बिक्री करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से बड़ी मात्रा में चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी 65 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी सहित कई वारदातों में शामिल रहे हैं।

65 लाख के जेवरात चोरी मामले में मिली सफलता

सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि 10 जून 2026 की रात बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र स्थित पीपी ज्वेलर्स में चोरी हुई थी। चोर दुकान से करीब 65 लाख रुपये के जेवरात और छह हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। इस मामले में सदर (मेसरा) थाना में कांड संख्या 271/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य पूर्वी सिंहभूम में छिपे हुए हैं और रांची व पूर्वी सिंहभूम में फिर से बड़ी चोरी की योजना बना रहे हैं। इसके बाद गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर सुंदरनगर थाना क्षेत्र से अमित कुमार सिंह उर्फ अमित कुमार सिंगारी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर रजनीश लाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में कई चोरी की घटनाओं का खुलासा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रांची और पूर्वी सिंहभूम के मकानों तथा ज्वेलरी दुकानों में चोरी करते थे। चोरी के बाद आभूषणों की खरीद-बिक्री भी यही गिरोह करता था।

जांच में मार्च, अप्रैल और जून 2026 के दौरान मेसरा ओपी क्षेत्र की ज्वेलरी दुकानों में हुई कई चोरी की घटनाओं में भी दोनों की संलिप्तता सामने आई है।

चोरी के आभूषण और मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो स्मार्टफोन और बड़ी मात्रा में चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें अंगूठियां, लॉकेट, पायल, बिछिया, कंगन, चेन, ताबीज, बच्चों के आभूषण सहित अन्य सामान शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments