नोएडा। श्रावण माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर नोएडा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जनपद गौतम बुद्ध नगर के कांवड़ मार्गों और प्रमुख शिवालयों पर करीब ढाई हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी।
आठ प्रमुख कांवड़ मार्गों पर विशेष निगरानी
अपर पुलिस उपायुक्त (कानून व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि गौतम बुद्ध नगर में कांवड़ यात्रा के आठ प्रमुख मार्ग चिह्नित किए गए हैं। इन सभी मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया जा चुका है और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रत्येक मार्ग और शिवालय पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
उन्होंने बताया कि सभी प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और कंट्रोल रूम में राजपत्रित अधिकारियों की तैनाती की गई है। कांवड़ यात्रा के दौरान ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
विभागों के साथ समन्वय, डीजे संचालकों को निर्देश
पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर कांवड़ मार्गों की व्यवस्था दुरुस्त कराई है। डीजे संचालकों को भी ध्वनि मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।


