रामगढ़। पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) की सामुदायिक विकास पहल के तहत संचालित चार माह के आवासीय ट्रांसफॉर्मर रिपेयर एवं मेंटेनेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह शुक्रवार को आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि और पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक कुमार सहगल ने सफल प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए पतरातू क्षेत्र के आसपास के गांवों से 20 युवाओं का चयन कर उन्हें जमशेदपुर स्थित जेएनटीवीटीआई में चार माह के आवासीय प्रशिक्षण के लिए भेजा गया था। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रत्येक प्रशिक्षु को पीवीयूएनएल की ओर से प्रतिमाह नौ हजार रुपये का स्टाइपेंड भी दिया गया।
रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर
पीवीयूएनएल ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम झारखंड सरकार के उस विजन के अनुरूप संचालित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्युत वितरण एवं आपूर्ति क्षेत्र के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करना और कौशल अंतराल को कम करना है। कंपनी ने कहा कि भविष्य में भी युवाओं के कौशल विकास और राज्य के समग्र विकास के लिए ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम जारी रहेंगे।
समारोह को संबोधित करते हुए अशोक कुमार सहगल ने प्रशिक्षुओं से अर्जित तकनीकी ज्ञान और कौशल का उपयोग समर्पण, अनुशासन और ईमानदारी के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ राज्य के विद्युत क्षेत्र को भी सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
समारोह में टाटा स्टील की चीफ लर्निंग एंड डेवलपमेंट एवं चीफ डाइवर्सिटी ऑफिसर जया सिंह पांडा, जेएनटीवीटीआई के अधिकारी और कर्मचारी, पीवीयूएनएल के मानव संसाधन प्रमुख ज़ियाउर रहमान, कोठामासु सुरेश, अमर दयाल सिंह और संतोष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


