मैसूर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को कर्नाटक के मैसूर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र–विवेक स्मारक का उद्घाटन करेंगे।
यह स्मारक शहर के नारायण शास्त्री रोड स्थित ऐतिहासिक निरंजन मठ परिसर में बनाया गया है। इसे स्वामी विवेकानंद की वर्ष 1892 की मैसूर यात्रा की स्मृति में विकसित किया गया है। लगभग 81 हजार वर्ग फुट क्षेत्रफल में फैले इस केंद्र का उद्देश्य स्वामी विवेकानंद के जीवन, उनके विचारों और भारतीय संस्कृति से युवाओं को परिचित कराना है।
रामकृष्ण आश्रम में भी करेंगे कार्यक्रम
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी रामकृष्ण आश्रम जाएंगे और इसके बाद केआरएस रोड स्थित रामकृष्ण विद्या शाला के सभागार में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे।
मैसूर में कड़े सुरक्षा प्रबंध
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे मैसूर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उनके आवागमन मार्गों पर विशेष सुरक्षा तैनात की गई है तथा कुछ मार्गों पर अस्थायी यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू किया गया है। पुलिस आयुक्त सीमा लाटकर ने नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
कार्यक्रम में रामकृष्ण आश्रम के मुक्तिदानंद जी महाराज, बेलूर मठ के गौतमानंद जी महाराज, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, सांसद यदुवीर वाडियार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र और स्थानीय विधायक हरीश गौड़ा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।


