काठमांडू। नेपाल के धनुषा और सिरहा जिलों के कई इलाकों में कर्फ्यू आदेश अब भी लागू है। हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने लोगों को जरूरी सामान खरीदने के लिए सुबह 5 बजे से 10 बजे तक घरों से बाहर निकलने की अनुमति दी है।
दोनों जिलों के जिला प्रशासन कार्यालयों के अनुसार, कर्फ्यू के दौरान जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। इनमें अस्पताल, दवा दुकानें, हवाई सेवाएं, रसोई गैस की आपूर्ति, पेट्रोलियम पदार्थों का परिवहन और बिक्री, एंबुलेंस सेवा, दमकल, शव वाहन, पेयजल और दूध की आपूर्ति शामिल हैं।
इन लोगों को आवागमन की अनुमति
प्रशासन ने बताया कि स्वास्थ्यकर्मी, सरकारी कर्मचारी, पत्रकार, नेपाल रेडक्रॉस के कर्मचारी, तीर्थयात्री, मरीज और हवाई अड्डे जाने वाले यात्रियों को वैध परिचय पत्र या हवाई टिकट दिखाने पर कर्फ्यू के दौरान आवाजाही की अनुमति दी जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से कर्फ्यू नियमों का पालन करने और आवश्यक सेवाओं के संचालन में सहयोग करने की अपील की है।


