नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को राष्ट्रपति भवन परिसर में आयोजित विशेष समारोह के दौरान ‘पीबीजी सोल्जरथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस आयोजन का उद्देश्य आम नागरिकों और देश के सशस्त्र बलों के बीच संबंधों को और मजबूत करना है।
‘रन फॉर सोल्जर्स, रन विथ सोल्जर्स’ थीम पर आयोजन
‘रन फॉर सोल्जर्स, रन विथ सोल्जर्स’ यानी सैनिकों के लिए दौड़ें, सैनिकों के साथ दौड़ें के संकल्प पर आधारित यह कार्यक्रम सैनिकों के समर्पण, साहस और बलिदान को सम्मान देने के लिए आयोजित किया गया।
राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि ‘सपोर्टिंग रियल हीरोज – द आर्म्ड फोर्सेस ऑफ इंडिया’ यानी असली नायकों भारत के सशस्त्र बलों का समर्थन थीम पर आधारित यह आयोजन सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करता है। साथ ही यह नागरिकों को सक्रिय भागीदारी के माध्यम से उनके प्रति एकजुटता दिखाने के लिए प्रेरित करता है।
वीके सिंह भी रहे मौजूद
राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार, कार्यक्रम में मिजोरम के राज्यपाल और इस पहल के संरक्षक जनरल (डॉ.) वीके सिंह भी मौजूद रहे। ‘रन फॉर सोल्जर्स, रन विथ सोल्जर्स’ आम नागरिकों और सशस्त्र बलों के बीच जुड़ाव बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में काम करेगा।


