वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि ईरान पर प्रस्तावित सैन्य हमला फिलहाल रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि ईरान और मध्य-पूर्व के अन्य देशों के आग्रह तथा संभावित समझौते की दिशा में हुई प्रगति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
ट्रुथ सोशल पर की घोषणा ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अमेरिका ईरान के खिलाफ कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार था, लेकिन एक समझौते की रूपरेखा पर सहमति बनने के संकेत मिलने के बाद हमले को रद्द करने का फैसला किया गया। अमेरिकी समाचार चैनल सीएनएन ने भी ट्रंप के इस बयान की पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित समझौते में होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत और पूरी तरह खोलना तथा ईरान के परमाणु खतरे को समाप्त करना शामिल होगा। ट्रंप के अनुसार, इस निर्णय में इजराइल भी अमेरिका के साथ है।
व्हाइट हाउस की प्रतिक्रिया नहीं ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि अमेरिका की सैन्य क्षमता अभूतपूर्व स्तर पर है, लेकिन विश्व के भविष्य और एक स्थिर तथा समृद्ध ईरान की संभावना को ध्यान में रखते हुए हमला टाल दिया गया है, बशर्ते कि निकट भविष्य में समझौता हो जाए।
हालांकि, व्हाइट हाउस ने ट्रंप के इस दावे पर अभी तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।


