मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात 41 वर्षीय पुलिसकर्मी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिसकर्मी की मौत का कारण हृदयाघात बताया जा रहा है। वह सलमान खान की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों में शामिल था।
अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मौत
जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल गणेश सलमान खान के बांद्रा स्थित घर के बाहर ड्यूटी पर तैनात थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह गिर पड़े। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में मौत की वजह हृदयाघात बताई गई है। सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था फिलहाल जारी है।
लॉरेंस बिश्नोई की धमकी के बाद बढ़ी है सुरक्षा
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह की धमकियों के कारण सलमान खान की सुरक्षा पहले से कड़ी की गई है। वर्ष 2024 में बांद्रा स्थित सलमान के घर के बाहर मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने कई राउंड गोलीबारी की थी। जांच में इस घटना का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से सामने आया था। इसके बाद अभिनेता की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई।
सलमान खान ने पिछले साल अपनी सुरक्षा को लेकर कहा था कि लगातार सुरक्षाकर्मियों के साथ रहना कई बार परेशानी भरा लगता है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें धमकियों का डर नहीं है और उन्होंने अपनी जिंदगी तथा सुरक्षा भगवान के भरोसे छोड़ रखी है।


