Homeक्राइमगांजा और नशीली सिरप बेचने वाला कारोबारी गिरफ्तार, दो किलो से अधिक...

गांजा और नशीली सिरप बेचने वाला कारोबारी गिरफ्तार, दो किलो से अधिक गांजा बरामद

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बालीगुमा में गुमटी की आड़ में गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप बेचने वाले एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से दो किलो 60 ग्राम गांजा, कोडीन फॉस्फेट युक्त सात बोतल ओनरेक्स सिरप, गांजा बिक्री से प्राप्त 3,320 रुपये नकद और अन्य सामान बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 34 वर्षीय नितेश कुमार झा उर्फ राजू झा के रूप में हुई है, जो बालीगुमा दुर्गा मंदिर के पीछे का निवासी है।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शुभम खंडेलवाल ने रविवार को बताया कि 8 अगस्त को सूचना मिली थी कि बालीगुमा स्थित एनएच-33 पर किया कार शोरूम के पास एक गुमटी में नितेश कुमार झा अवैध रूप से गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप बेच रहा है। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पटमदा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।

पुलिस ने गुमटी की घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गुमटी से गांजा, सिरप और अन्य सामान जब्त

तलाशी के दौरान पुलिस ने कुल दो किलो 60 ग्राम गांजा बरामद किया। इसमें 790 ग्राम गांजा छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक था, जबकि 1 किलो 270 ग्राम गांजा हरे रंग की पॉलीथिन में रखा गया था। इसके अलावा 100 एमएल की ओनरेक्स कोडीन फॉस्फेट सिरप की सात बोतल, 3,320 रुपये नकद, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, 11 मिट्टी के चिलम और एक रेडमी स्मार्टफोन भी जब्त किया गया।

नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से गांजा के अवैध कारोबार में शामिल होने की जानकारी दी है। इस मामले में एमजीएम थाना कांड संख्या 90/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments