जमशेदपुर। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की इकाई सैन्य मातृशक्ति, जमशेदपुर की ओर से रविवार को मिलन-सह-सावन महोत्सव का आयोजन पारंपरिक उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के साथ किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. मीरा मुंडा, डॉ. त्रिपुरा झा और संध्या सिंह उपस्थित रहीं। पूर्व सैनिक परिवारों की महिलाओं सहित सैन्य मातृशक्ति की लगभग 70 सदस्यों ने समारोह में भाग लेकर सावन उत्सव की खुशियां साझा कीं।
नई सदस्यों का स्वागत, संस्कृति और संस्कारों पर जोर
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद संगठन से जुड़ी नई सदस्यों का स्वागत किया गया। आयोजन का उद्देश्य पुरानी और नई सदस्यों के बीच आत्मीय संबंध मजबूत करना तथा भारतीय संस्कृति, तीज-त्योहारों और सैन्य परिवारों के संस्कारों को आगे बढ़ाना रहा।
सैन्य मातृशक्ति की अध्यक्ष रूबी सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि महामंत्री विनीता सिंह ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के साथ सैन्य मूल्यों का समन्वय समाज को सकारात्मक दिशा दे सकता है। उन्होंने बच्चों और नई पीढ़ी में अनुशासन, राष्ट्रप्रेम, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे संस्कार विकसित करने पर बल दिया।
सावन गीत, मेहंदी और रैंप वॉक बने आकर्षण
हरे रंग के पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने सावन गीत, कजरी, सामूहिक संगीत और नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बना दिया। मेहंदी, रूप सज्जा, रैंप वॉक, नृत्य प्रतियोगिता और सावन क्वीन प्रतियोगिता कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहे, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महिलाओं की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण
डॉ. मीरा मुंडा ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। डॉ. त्रिपुरा झा ने शिक्षा और संस्कृति को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए कहा कि तीज-त्योहार हमारी सांस्कृतिक पहचान को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
सैन्य मातृशक्ति की सदस्य माधुरी ओझा और पूजा शरण ने कहा कि सावन महोत्सव प्रकृति, संस्कृति और सामूहिकता से जुड़ने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सैन्य परिवारों की महिलाओं के बीच आत्मीय संबंध मजबूत करने के साथ समाज में सेवा, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम जैसे मूल्यों को भी बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम के अंत में भावना ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों और सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में श्वेता सिंह, पूनम, शर्मिला, सुनीता, सावित्री, आरती देवी, रेखा, राधिका, सरिता, रीना सिन्हा, स्वाति, मीना सिंह, सरोज सिंह, रीना मिश्रा, उर्मिला, सुनीता सिंह, संगीता, शमिता देवी, कंचन सिंह, नीता शर्मा, स्वाति सुमन और पूजा सिन्हा सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहीं।


