पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र से लापता हुई तीन युवतियों को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ से सकुशल बरामद कर लिया है। गुवा थाना पुलिस ने मेरठ जीआरपी के सहयोग से विशेष अभियान चलाकर तीनों युवतियों को खोज निकाला। रविवार को पुलिस टीम उन्हें लेकर गुवा थाना पहुंची, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
लिपुंगा गांव निवासी मादो चाम्पिया ने एक अगस्त 2026 को गुवा थाना में आवेदन देकर अपनी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के लापता होने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि उनकी बेटी लगभग दो सप्ताह पहले बिना किसी को बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और इसकी जिम्मेदारी सहायक अवर निरीक्षक भुवनेश्वर महतो को सौंपी गई।
विशेष टीम बनाकर की गई तलाश
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर किरीबुरू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनित किन्डो के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि लापता युवतियां रोजगार की तलाश में मेरठ गई हैं। सुराग मिलने के बाद पुलिस टीम चार अगस्त को मेरठ के लिए रवाना हुई।
मेरठ पहुंचकर पुलिस ने स्थानीय स्तर पर छानबीन शुरू की। मेरठ जीआरपी के सहयोग से पहले एक लापता नाबालिग को बरामद किया गया, इसके बाद जिले से लापता दो अन्य युवतियों को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
रविवार को गुवा पहुंची पुलिस टीम
बरामदगी के बाद पुलिस टीम तीनों युवतियों को सुरक्षित गुवा थाना लेकर पहुंची। इस अभियान में एसडीपीओ किरीबुरू विनित किन्डो, गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक भुवनेश्वर महतो, महिला आरक्षी सुशीला माई कुदादा, आरक्षी सतीश कुमार सिंह सहित गुवा थाना के अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।


