मुंबई । महाराष्ट्र के बारामती एयरपोर्ट पर रविवार को एक प्रशिक्षण विमान उतरते समय रनवे से फिसलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय विमान में प्रशिक्षक और प्रशिक्षु पायलट सवार थे। दोनों पायलट सुरक्षित हैं और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद पुलिस और संबंधित एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।
लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा
पुणे के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि कार्वर एविएशन का सेसना-172 विमान बारामती एयरपोर्ट पर उतर रहा था। इसी दौरान विमान रनवे से फिसल गया और मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद विमान में सवार दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि विमान रनवे से किस वजह से फिसला और क्या हादसे के पीछे किसी तरह की तकनीकी खराबी थी।
लाइट पोल से टकराया विमान का हिस्सा
बारामती पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि निजी उड़ान प्रशिक्षण संस्थान कार्वर एविएशन का सेसना-172 विमान रविवार दोपहर एयरपोर्ट पर उतर रहा था। इसी दौरान विमान रनवे से बाहर निकल गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान का एक हिस्सा पास में लगे प्रकाश खंभे से टकराया, जिसके बाद विमान रनवे की सीमा से बाहर चला गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एयरपोर्ट प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों पायलट सुरक्षित हैं और मामले की छानबीन जारी है।


