क्वेटा। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षा बलों ने खुफिया सूचना के आधार पर कई स्थानों पर अभियान चलाकर 15 चरमपंथियों को मार गिराने का दावा किया है। सुरक्षा सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई प्रांत के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में की गई।
पाकिस्तान के उर्दू समाचार चैनल दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक मस्तुंग, बोलान, वाशुक, अवारान, सिबी, खुज़दार, हरनाई और नुश्की क्षेत्रों में अलग-अलग अभियान चलाए गए। इन अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों ने बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद करने का दावा किया है।
चरमपंथी नेटवर्क को बड़ा झटका
सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि इस कार्रवाई से बलूचिस्तान में सक्रिय चरमपंथी नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों के अनुसार अभियान के बाद इन समूहों की गतिविधियों और आवाजाही पर भी असर पड़ा है।
सुरक्षा बलों ने कहा कि आतंकवाद के पूरी तरह खात्मे तक ‘ऑपरेशन रद-उल-फसाद-3’ के तहत अभियान जारी रहेंगे। अधिकारियों का कहना है कि प्रांत में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा चरमपंथी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।


