HomeBreaking Newsधार में श्रद्धालुओं की वैन को ट्रॉले ने मारी टक्कर, 6 की...

धार में श्रद्धालुओं की वैन को ट्रॉले ने मारी टक्कर, 6 की मौत

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में बदनावर-उज्जैन चार लेन मार्ग पर रविवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। गुजरात के वड़ोदरा से उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं की मारुति ईको वैन को गलत दिशा से आ रहे अनियंत्रित ट्रॉले ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वैन सवार छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। सभी श्रद्धालु दर्शन के बाद गुजरात लौट रहे थे।

गलत दिशा से आ रहे ट्रॉले ने मारी टक्कर

पुलिस के अनुसार, गुजरात के वड़ोदरा से श्रद्धालुओं का एक दल मारुति ईको वैन से उज्जैन आया था। रविवार दोपहर करीब एक बजे सभी दर्शन के बाद वापस लौट रहे थे। पंचकवासा गांव के पास बदनावर-उज्जैन चार लेन मार्ग पर सामने से गलत दिशा में आ रहे एक अनियंत्रित ट्रॉले ने वैन को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही बदनावर थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

दो शव मशीन से काटकर निकाले गए

बदनावर थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाह ने बताया कि हादसे में छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वैन इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी कि दो शवों को बाहर निकालने के लिए ग्राइंडर मशीन की मदद से वाहन को काटना पड़ा।

हादसे के बाद चार लेन मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारु कराया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। सभी शवों का पंचनामा तैयार कर बदनावर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जाएगी।

ट्रॉला छोड़कर चालक फरार

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक लोहे का सामान लदा ट्रॉला गलत दिशा से उज्जैन की ओर जा रहा था, जबकि श्रद्धालुओं की वैन उज्जैन से गुजरात की ओर जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस करीब 10 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई और वैन की खिड़की का कांच तोड़कर शवों को बाहर निकाला।

घटना की जानकारी मिलने के बाद धार कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने बताया कि मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस फरार ट्रॉला चालक की तलाश कर रही है और हादसे की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments