Homeराष्ट्रीयफर्रुखाबाद में सड़क हादसे, महिला समेत 3 कांवड़ियों की मौत

फर्रुखाबाद में सड़क हादसे, महिला समेत 3 कांवड़ियों की मौत

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में महिला समेत तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। मोहम्मदाबाद क्षेत्र में हवाई पट्टी के पास बाइक की टक्कर के बाद दो कांवड़ियों की जान चली गई। वहीं, राजेपुर क्षेत्र के डबरी के पास ट्रैक्टर की चपेट में आने से 22 वर्षीय कांवड़िये की मौत हो गई।

हवाई पट्टी के पास दो कांवड़ियों की मौत

मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में हवाई पट्टी के पास हादसे में मैनपुरी के जंगपुरा निवासी गिरजा देवी पत्नी राम लड़ैत और बेवर थाना क्षेत्र के खाकेताल निवासी ऋषभ पुत्र माया प्रकाश की मौत हुई। दोनों अपने साथियों के साथ कांवड़ लेकर मार्कण्ड मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे थे।

साथियों के अनुसार करीब 25 से 26 लोग कांवड़ यात्रा पर निकले थे। सभी पांचाल घाट से जल भरकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हवाई पट्टी के पास सामने से मोहम्मदाबाद की ओर आ रही बाइक ने कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद पीछे से आए एक वाहन की चपेट में आने से गिरजा देवी और ऋषभ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेज दिया।

ट्रैक्टर की चपेट में आया 22 वर्षीय कांवड़िया

दूसरा हादसा राजेपुर थाना क्षेत्र में डबरी के पास इटावा-बरेली हाईवे पर हुआ। यहां कन्नौज जिले के गुरसहायगंज थाना क्षेत्र के गंगापुरवा निवासी 22 वर्षीय विवेक पुत्र लालमन ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। विवेक करीब 35 लोगों के साथ कांवड़ यात्रा पर निकला था।

बताया गया कि रास्ते में कांवड़ खंडित हो जाने के बाद उसके साथी पांचाल घाट से जल लेने चले गए थे। इस दौरान विवेक अपने कुछ साथियों के साथ डबरी मार्ग के पास खड़ा था। तभी एक ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। गंभीर रूप से घायल विवेक को साथी ऑटो से डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

विवेक गुरसहायगंज से गोलकनाथ जा रहा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह दो भाइयों में बड़ा था। कांवड़ यात्रा के दौरान हुए दोनों हादसों में तीन कांवड़ियों की मौत के बाद इलाके में शोक का माहौल है। सीओ मोहम्मदाबाद अभय कुमार वर्मा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के बाद फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments