HomeBreaking Newsस्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी पूरी, मोरहाबादी में फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी पूरी, मोरहाबादी में फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न

रांची। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय राजकीय समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए बुधवार को फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ध्वजारोहण करेंगे। रिहर्सल जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की देखरेख में संपन्न हुआ, जिसमें स्वतंत्रता दिवस पर होने वाली सभी औपचारिक गतिविधियों का अभ्यास किया गया।

रिहर्सल के दौरान राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत से संबंधित भारत सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। उपायुक्त और एसएसपी ने परेड की सलामी ली तथा विभिन्न प्लाटूनों को आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने परेड में शामिल सभी दलों की तैयारियों का जायजा भी लिया।

दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की हुई संयुक्त ब्रीफिंग

समारोह की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग भी आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, एसएसपी राकेश रंजन, यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह और अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने संयुक्त आदेश के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी।

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को समय पर अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचने तथा सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मुख्य अतिथियों के आगमन और प्रस्थान की व्यवस्था सुचारू एवं समयबद्ध होनी चाहिए।

सुरक्षा के मद्देनजर ड्रोन संचालन पर प्रतिबंध

एसएसपी राकेश रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए आगंतुकों की सघन जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को आपत्तिजनक सामग्री के साथ समारोह स्थल में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

संयुक्त ब्रीफिंग में यह भी स्पष्ट किया गया कि सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम स्थल पर निजी ड्रोन से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। केवल अधिकृत विभागीय ड्रोन का ही उपयोग किया जा सकेगा।

14 प्लाटून लेंगी परेड में हिस्सा

मोरहाबादी मैदान में आयोजित समारोह की परेड में सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, सीआईएसएफ, उड़ीसा पुलिस, झारखंड जगुआर, जैप-1, जैप-2, जैप-10, रांची जिला पुलिस (पुरुष एवं महिला), झारखंड गृहरक्षा वाहिनी तथा एनसीसी के बालक और बालिका दल सहित कुल 14 प्लाटून भाग लेंगी। जैप-1, जैप-10 और गृहरक्षा वाहिनी की बैंड टुकड़ियां भी समारोह का हिस्सा होंगी।

समारोह में फर्स्ट इन कमांड की जिम्मेदारी 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राघवेन्द्र शर्मा को सौंपी गई है, जो वर्तमान में रामगढ़ में पदस्थापित हैं। वहीं सेकेंड इन कमांड के रूप में परिचारी प्रवर द्वितीय अनिश मोमित कुजूर दायित्व निभाएंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments