HomeBreaking Newsराष्ट्रपति ने 100 से अधिक कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप और...

राष्ट्रपति ने 100 से अधिक कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप और पुरस्कार दिए

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को वर्ष 2024 और 2025 के लिए 100 से अधिक प्रख्यात कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कलाकार भारतीय परंपराओं के वाहक होने के साथ सामूहिक स्मृति के संरक्षक और भविष्य की दृष्टि को आकार देने वाले सृजनकर्ता भी हैं।

समारोह में रामलाल बरेठ, ए.वी. आनंद, रीता गांगुली, पुरु दधेीच, चित्तरंजन ज्योतिषी, पसुमार्थी रत्तैया शर्मा और सुधरानी रघुपति सहित सात कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप से सम्मानित किया गया।

वर्ष 2024 के लिए संगीत, नृत्य, रंगमंच, लोक एवं जनजातीय कला सहित विभिन्न विधाओं के 54 कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें बांसुरी वादक राकेश चौरसिया, अभिनेता अरुण नालवड़े और लोक नृत्यांगना गुलाबी सपेरा सहित कई कलाकार शामिल रहे।

वर्ष 2025 के लिए भी विभिन्न कला विधाओं से जुड़े 54 कलाकारों को अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनमें भरतनाट्यम कलाकार रोजा कन्नन, कथक कलाकार कृष्ण मोहन मिश्रा महाराज, रंगमंच निर्देशक कपिलदेव चंद्रकांत शुक्ला और लोक संगीत कलाकार भेरू सिंह चौहान सहित अन्य कलाकार शामिल हैं।

भारतीय संस्कृति की विविधता को कलाकारों ने दिया स्वरूप

राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि सम्मानित कलाकार सामूहिक रूप से भारत का सांस्कृतिक मानचित्र प्रस्तुत करते हैं। यह मानचित्र देश की मिट्टी से जुड़ी कहानियों और गीतों, विभिन्न नृत्य एवं त्योहारों तथा सदियों से विकसित भाषाओं और बोलियों की स्मृतियों से निर्मित है।

उन्होंने कहा कि भारत में संगीत की अनेक परंपराएं, विभिन्न नृत्य शैलियां और लोक रंगमंच की अनगिनत विधाएं मौजूद हैं। भारतीय संस्कृति की जड़ें प्रकृति से गहराई से जुड़ी हैं। देश के खानपान, पहनावे, नृत्य और संगीत में प्रकृति की प्रेरणा स्पष्ट दिखाई देती है। कलाकार पक्षियों के कलरव, झरनों की ध्वनि, पेड़-पौधों, बादलों और नदियों से प्रेरणा लेकर अपनी कला को अभिव्यक्ति देते हैं। विविधता और एकता का यह संबंध भारतीय कलाओं की बड़ी शक्ति है।

गुरु-शिष्य परंपरा से कला संरक्षण पर जोर

राष्ट्रपति ने कहा कि देश की विभिन्न कला विधाओं के संरक्षण और विकास में गुरु-शिष्य परंपरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कला के क्षेत्र में गुरु सबसे महत्वपूर्ण पुस्तक के समान होते हैं। तेजी से बदलते समय में कई लोक कला विधाएं विलुप्त होने के खतरे का सामना कर रही हैं। ऐसे में इनके दस्तावेजीकरण के साथ उन्हें जीवित रखने के लिए विशेष प्रयास आवश्यक हैं।

उन्होंने संगीत नाटक अकादमी की ओर से आयोजित ‘कला-दीक्षा’ कार्यक्रम की सराहना की और वरिष्ठ कलाकारों से अगली पीढ़ी के कलाकारों को तैयार करने के लिए व्यवस्थित प्रयास करने का आह्वान किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि प्रकृति कला के मूल्यों और संवेदनाओं के माध्यम से जीवन को समृद्ध बनाने का स्वाभाविक प्रशिक्षण स्थल है। लोक और जनजातीय कलाएं जीवन के प्रति उत्साह और प्रकृति के साथ गहरे जुड़ाव को दर्शाती हैं। इनमें समुदाय की स्मृति और सामूहिक चेतना सहज रूप से अभिव्यक्त होती है। इसी वजह से लोक कलाएं भारत की सांस्कृतिक पहचान की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं।

उन्होंने संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप और पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी कलाकारों को बधाई दी। राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय परंपराओं के वाहक के रूप में ये कलाकार सामूहिक स्मृति के संरक्षक होने के साथ भविष्य की दृष्टि के निर्माता भी हैं।

उन्होंने कहा कि संगीत नाटक अकादमी को भारत की ‘सॉफ्ट पावर’ के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में देखा जाता है। राष्ट्रपति ने विश्वास जताया कि अकादमी भविष्य में भी भारत की सांस्कृतिक ऊर्जा से पूरी दुनिया को समृद्ध करती रहेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments