Homeराजनीतिअसम-अरुणाचल सीमा विवाद के बीच सांसदों से मिले किरेन रिजिजू, शांति पर...

असम-अरुणाचल सीमा विवाद के बीच सांसदों से मिले किरेन रिजिजू, शांति पर जोर

नई दिल्ली। असम और अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में बढ़ते तनाव के बीच गुरुवार को दोनों राज्यों के सांसदों ने केंद्रीय संसदीय एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से मुलाकात की। बैठक का मुख्य उद्देश्य सीमा क्षेत्र में शांति बनाए रखने और दोनों राज्यों के बीच आपसी सद्भाव कायम रखने के उपायों पर चर्चा करना रहा।

मुलाकात के बाद किरेन रिजिजू ने इंटरनेट मीडिया पर कहा कि असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच संबंध बेहद गहरे हैं और कई पीढ़ियों से दोनों राज्यों के लोग भाईचारे, स्नेह और आपसी सम्मान के साथ रहते आए हैं। उन्होंने कहा कि बातचीत के माध्यम से मतभेदों को सुलझाने का प्रयास जारी है। भले ही हर मुद्दे का तत्काल समाधान नहीं निकले, लेकिन संवाद के रास्ते पर आगे बढ़ते रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों की सीमाएं भले अलग हों, लेकिन लोगों के दिल एक हैं।

सीमा पर तनाव के बाद पत्थरबाजी

उल्लेखनीय है कि असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा क्षेत्र में गुरुवार को शिलापाथर-लीकाबली राजमार्ग पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सीमा पर हाल में हुई गोलीबारी की घटना के बाद जारी आर्थिक नाकेबंदी के दौरान स्थिति बिगड़ गई और प्रदर्शनकारियों की ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों पर हमला किया।

बताया गया है कि विवाद की शुरुआत 10 अगस्त को धेमाजी जिले के गेरुकामुख थाना क्षेत्र के गोगामुख राजस्व अंचल में असम-अरुणाचल सीमा पर स्थित मिंगमांग बस्ती में गोलीबारी की घटना से हुई थी। इस घटना में करीब 11 लोग घायल हुए थे। बताया जाता है कि असम की जमीन पर अरुणाचल प्रदेश के लोगों द्वारा कथित कब्जे को लेकर विवाद के बाद गोलीबारी हुई थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments