काठमांडू। नेपाल के पर्वतीय इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़, भूस्खलन और सड़क कटान की घटनाओं ने शुक्रवार को कई प्रमुख राजमार्गों पर यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। बारिश के कारण कई मार्ग पूरी तरह बंद हो गए हैं, जबकि कुछ सड़कों पर एकतरफा यातायात ही संचालित किया जा रहा है।
मेची और बीपी हाइवे समेत कई सड़कें पूरी तरह बंद
नेपाल पुलिस मुख्यालय के अनुसार, इलाम का मेची हाइवे, काभ्रेपलांचोक का बीपी हाइवे, मकवानपुर का कान्ति लोकपथ और सिंधुपाल्चोक का अरनिको हाइवे पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। इन मार्गों पर बाढ़, भूस्खलन और सड़क कटान के कारण यातायात रोकना पड़ा है।
इसके अलावा रसुवा का त्रिशूली–मैलुङ–स्याफ्रुबेंसी मार्ग, धादिंग का पृथ्वी राजमार्ग, लमजुंग का मध्य पहाड़ी राजमार्ग, रुकुम पूर्व का मध्यपहाड़ी राजमार्ग और रुकुम पश्चिम का भेरी कॉरिडोर मार्ग भी प्रभावित है।
कई मार्गों पर एकतरफा यातायात
पुलिस के मुताबिक, बागलुंग के कालीगंडकी कॉरिडोर, मुस्तांग के बेनी–जोमसोम मार्ग और भोजपुर के मध्यपहाड़ी राजमार्ग पर फिलहाल एकतरफा यातायात संचालित किया जा रहा है। सड़कें क्षतिग्रस्त होने और लगातार बारिश के कारण इन मार्गों पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित निकायों से सड़कों की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर लें। प्रशासन ने भूस्खलन, बाढ़ और सड़क कटान का खतरा लगातार बने रहने को लेकर भी लोगों को सतर्क किया है।



