HomeBreaking Newsसेना के पांच जवान लापता, भारी बारिश के बीच खोज अभियान जारी

सेना के पांच जवान लापता, भारी बारिश के बीच खोज अभियान जारी

ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली जिले में अचानक आई बाढ़ के बाद लापता हुए सेना के पांच जवानों का रविवार तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। सेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें लगातार जवानों की तलाश में जुटी हैं। मुश्किल भौगोलिक परिस्थितियों और खराब मौसम के बावजूद खोज अभियान जारी है।

बाढ़ में बह गए सेना के दो आश्रय स्थल

पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि लापता जवानों की तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम दिबांग वैली जिले में अचानक आई बाढ़ के कारण सेना के दो आश्रय स्थल बह गए थे। यह हादसा मिपी सर्कल से करीब 25 किलोमीटर दूर पासु पानी इलाके में हुआ।

बाढ़ की चपेट में पासु पानी स्थित सेना शिविर भी आया। यहां 5वीं ग्रेनेडियर्स के दो आश्रय स्थल बह गए, जिनमें सात जवान मौजूद थे। इनमें से दो जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि पांच जवान लापता हैं। लापता जवानों की पहचान हवलदार उपेंद्र, कुंदन, विनोद, आदित्य और समुंडा के रूप में हुई है।

जवानों की तलाश के लिए 5वीं ग्रेनेडियर्स की दो खोज एवं बचाव टीमें लगाई गई हैं। अभियान में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की 58वीं बटालियन, जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स की 62 आरसीसी, अरुणाचल प्रदेश पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवक भी सहयोग कर रहे हैं। बाढ़ से सेना के शिविर और अन्य बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।

नाचो में भूस्खलन से चार की मौत, एक बचाया गया

इस बीच, आप्पार सुबनसिरी जिले के नाचो में भी भारी भूस्खलन से बड़ा हादसा हुआ। भूस्खलन में मारे गए चारों लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक व्यक्ति को सुरक्षित निकालकर इलाज के लिए ईटानगर अस्पताल भेजा गया है।

सूत्रों के अनुसार, मृतकों की पहचान टाडू बाकी, ताजी राय, बाबुल अली और मारकोस बासुमतारी के रूप में हुई है। वहीं सुरक्षित बचाए गए व्यक्ति की पहचान सोनार बासुमतारी के रूप में की गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments