काठमांडू। नेपाल के जाजरकोट जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार सुबह भूस्खलन की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग अब भी लापता हैं। हादसा भेरी नगरपालिका के रिसाड़ क्षेत्र में सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। सशस्त्र पुलिस के प्रवक्ता डीएसपी शैलेन्द्र थापा ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
आठ घरों को नुकसान, कई लोग घायल
पुलिस के अनुसार, भूस्खलन की चपेट में आने से रिसाड़ निवासी 54 वर्षीय उमा सिंह खत्री और 83 वर्षीय रती खत्री की मौत हो गई। वहीं घायल 52 वर्षीय केदार कार्की ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। चिसापानी निवासी 70 वर्षीय भीम बहादुर कार्की और गैरीगांव निवासी 14 वर्षीय हरिस बीके समेत चार लोगों के लापता होने की जानकारी है।
भूस्खलन से आठ घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। हादसे में 62 वर्षीय राम बहादुर शाही, 45 वर्षीय सिद्धि बहादुर कामी, 58 वर्षीय कमला कार्की, 23 वर्षीय अनिता कार्की, 10 वर्षीय युनिस शाही, 45 वर्षीय सुन्तली चदरा और 61 वर्षीय भद्रकला कार्की घायल हुए हैं।
राम बहादुर शाही और भद्रकला कार्की की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को बेहतर उपचार के लिए नेपालगंज और सुर्खेत भेजा गया है।
155 जवानों की टीम राहत और बचाव में जुटी
लापता लोगों की तलाश के लिए नेपाली सेना, सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल गुल्म जाजरकोट और नेपाल पुलिस की संयुक्त टीम को रविवार सुबह से घटनास्थल पर लगाया गया है। अभियान का नेतृत्व सशस्त्र पुलिस निरीक्षक कमल कार्की कर रहे हैं।
घटनास्थल पर सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल गुल्म जाजरकोट, नेपाली सेना और नेपाल पुलिस के कुल 155 जवान राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। भूस्खलन के खतरे को देखते हुए संबंधित वार्ड के करीब 200 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर त्रिभुवन आधारभूत विद्यालय के भवन में ठहराया गया है।



