नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने मंगलवार को वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स’ पर शुभकामना संदेश में कहा कि वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। सुधारों और आर्थिक विकास पर उनके जोर से मजबूत और आत्मनिर्भर भारत बनाने के प्रयासों को गति मिल रही है। प्रधानमंत्री ने ईश्वर से उन्हें लंबी और स्वस्थ आयु प्रदान करने की कामना की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी निर्मला सीतारमण को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने ईश्वर से उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, सुख और दीर्घायु प्रदान करने की कामना की।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश की प्रगति के प्रति निर्मला सीतारमण की अटूट प्रतिबद्धता आर्थिक विकास के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के प्रधानमंत्री मोदी के विजन को साकार करने की गति बढ़ा रही है। उन्होंने ईश्वर से उन्हें सदैव उत्तम स्वास्थ्य और सफलता प्रदान करने की कामना की।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश के प्रति निर्मला सीतारमण के समर्पण और निष्ठा ने भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा देश की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में बड़ा योगदान दिया है। समावेशी विकास को बढ़ावा देने और नागरिकों को सशक्त बनाने की दिशा में उनके प्रयास सराहनीय हैं।
विदेशमंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी वित्तमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और जनसेवा में निरंतर सफलता की कामना की।
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने निर्मला सीतारमण को देश की राजनीति में नारी शक्ति की सशक्त पहचान और कुशल अर्थशास्त्री बताते हुए अनेकानेक मंगलमय शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मां दुर्गा से उनके स्वस्थ, सुखद, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना की।



