नई दिल्ली। दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के महिला वर्ग में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल दिल्ली क्वींस को 11 रन से हरा दिया। बारिश के कारण आठ ओवर तक सीमित किए गए मुकाबले में साउथ दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 68 रन बनाए। जवाब में सेंट्रल दिल्ली क्वींस की टीम पांच विकेट पर 57 रन ही बना सकी।
श्वेता सहरावत ने संभाली साउथ दिल्ली की पारी
अरुण जेटली स्टेडियम में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की कप्तान श्वेता सहरावत ने 21 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 26 रन बनाकर टीम की पारी को संभाला। तनिषा सिंह ने 13 गेंदों पर 19 रन का उपयोगी योगदान दिया। इससे पहले प्रिया पुनिया ने तेज शुरुआत करते हुए चार गेंदों पर नौ रन बनाए।
सेंट्रल दिल्ली क्वींस की ओर से सुमिति सोनी और मेधावी बिधूड़ी ने दो-दो विकेट लेकर साउथ दिल्ली के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। इसके बावजूद साउथ दिल्ली ने आठ ओवर में 68 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
पहली गेंद पर लगा झटका, लक्ष्य से दूर रह गई सेंट्रल दिल्ली
69 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली क्वींस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पारी की पहली ही गेंद पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद दीक्षा शर्मा ने 16 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 22 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की।
हालांकि छठे ओवर में दीक्षा के रन आउट होने के बाद सेंट्रल दिल्ली की मुश्किलें बढ़ गईं। अरुषि गोयल ने 14 और मोनिका ने नौ रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की ओर से रूपाली विश्व मोहन, दिशा नागर और एकता भदाना ने एक-एक विकेट लिया। अनुशासित गेंदबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण के दम पर साउथ दिल्ली ने सेंट्रल दिल्ली क्वींस को पांच विकेट पर 57 रन तक रोक दिया और 11 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।



