HomeBreaking Newsअमेरिका ने सीरिया को आतंकवाद प्रायोजक देशों की सूची से हटाया

अमेरिका ने सीरिया को आतंकवाद प्रायोजक देशों की सूची से हटाया

वॉशिंगटन। अमेरिका ने सीरिया को आधिकारिक रूप से ‘आतंकवाद प्रायोजक देश’ की सूची से हटा दिया है। अमेरिकी विदेश विभाग का यह फैसला 24 अगस्त 2026 से प्रभावी हुआ। यह कदम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से की गई पूर्व घोषणा और उसके बाद कांग्रेस में पूरी हुई 45 दिन की समीक्षा प्रक्रिया के बाद उठाया गया है। सीरिया वर्ष 1979 से इस सूची में शामिल था।

प्रतिबंधों में मिलेगी राहत, निवेश का रास्ता खुलेगा

सीरिया को सूची से हटाए जाने के बाद इस विशेष दर्जे से जुड़े कई कानूनी प्रतिबंध समाप्त हो जाएंगे। इनमें अमेरिकी सहायता पर रोक, रक्षा संबंधी निर्यात और बिक्री पर प्रतिबंध, कुछ दोहरे उपयोग वाली वस्तुओं पर नियंत्रण तथा कुछ वित्तीय एवं अन्य पाबंदियां शामिल हैं। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार यह फैसला सीरिया के साथ वाशिंगटन की नीति में महत्वपूर्ण बदलाव को दर्शाता है और इससे देश में अंतरराष्ट्रीय निवेश तथा आर्थिक गतिविधियों के लिए रास्ता आसान हो सकता है।

अन्य प्रतिबंध अपने आप खत्म नहीं होंगे

सीरिया को आतंकवाद प्रायोजक देशों की सूची से हटाने का अर्थ यह नहीं है कि सीरिया या उससे जुड़े सभी व्यक्तियों और संगठनों पर लागू अन्य अमेरिकी प्रतिबंध भी स्वतः समाप्त हो गए हैं। अलग-अलग कानूनों और कार्यकारी आदेशों के तहत लगाए गए अन्य प्रतिबंध अभी प्रभावी रह सकते हैं। अमेरिका ने सीरिया को सूची से हटाने के बावजूद वहां सुरक्षा संबंधी चिंताओं को लेकर यात्रा चेतावनी भी जारी रखी है।

अमेरिकी अधिकारियों ने इस फैसले को सीरिया के नए नेतृत्व के साथ संबंधों में बदलाव और देश को स्थिरता तथा आर्थिक पुनर्निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाने के प्रयास के रूप में पेश किया है। दूसरी ओर, सीरिया ने भी इस निर्णय का स्वागत किया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments