सुपौल। बिहार के सुपौल जिले में मंगलवार देररात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-327ई किनारे बजरंगबली मंदिर के समीप हुआ। मंदिर के पास करीब छह लोग कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने सड़क किनारे बैठे लोगों को रौंद दिया। टक्कर के बाद वाहन करीब 50 मीटर दूर जाकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
हादसे में कटैया पंचायत के रहने वाले तिलाई दास (65), राजू दास (50), सुरेंद्र यादव (45), भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव और कृष्ण मोहन साह की मौत हो गई। वहीं रामचंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों में तिलाई दास और राजू दास कटैया पंचायत के वार्ड 12 के निवासी थे। सुरेंद्र यादव वार्ड 15, भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव वार्ड 11 और कृष्ण मोहन साह वार्ड 13 के रहने वाले थे। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने वाहन किया जब्त
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे में शामिल वाहन को कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मंगलवार देररात जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि अनुमंडल पदाधिकारी को घटनास्थल पर भेजा गया है और पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
सड़क किनारे अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने कटैया चौक के पास सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों को हटवाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अतिक्रमण और अस्थायी दुकानें होने से सड़क पर आवागमन प्रभावित होता है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों और अतिक्रमण को हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।



