Homeराष्ट्रीयसूर्यापेट हादसे पर उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख

सूर्यापेट हादसे पर उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख

नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सूर्यापेट की दुखद सड़क दुर्घटना से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने मृतकों के शोकाकुल परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि सूर्यापेट में हुई दुर्घटना की खबर से वह बेहद व्यथित हैं। उन्होंने कहा कि हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के साथ उनकी संवेदनाएं हैं। प्रधानमंत्री ने सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।

बताया गया है कि बुधवार तड़के सूर्यापेट जिले के कोडाड के पास हैदराबाद-विजयवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह दुर्घटना हुई। हैदराबाद से एलुरु जा रही एक निजी बस सड़क किनारे खड़े लोहे की छड़ों से लदे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments