जबलपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुवार को शासकीय महाकौशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में ‘माय भारत युवा कनेक्ट-खेलो इंडिया संवाद’ का आयोजन होगा। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। इस दौरान देशभर की करीब 1600 संस्थाओं से जुड़े 8 लाख से अधिक युवाओं के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल माध्यम से संवाद करेंगे। जबलपुर में मौजूद युवा प्रधानमंत्री के संबोधन को सीधे सुन सकेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी माथन सिंह उइके ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के क्षेत्र में देश में हुए विकास, आधुनिक खेल अधोसंरचना और तेजी से उभरते भारतीय खेल पारिस्थितिकी तंत्र से परिचित कराना है। इसके जरिए युवा ऊर्जा को खेलों की दिशा में सकारात्मक रूप से आगे बढ़ाने और युवाओं को नई प्रेरणा देने का प्रयास किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 10.45 बजे इंदौर से वायुयान के जरिए डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे शासकीय महाकौशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री सुबह 11.55 बजे डुमना एयरपोर्ट पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अगवानी करेंगे। इसके बाद दोपहर 12.15 बजे रक्षा मंत्री के साथ व्हीकल फैक्टरी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इसके बाद साउथ सिविल लाइन्स में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3.15 बजे डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। रक्षा मंत्री को विदाई देने के बाद वह दोपहर 3.30 बजे वायुयान से भोपाल के लिए रवाना होंगे।



