HomeBreaking Newsमहंगाई के खिलाफ 22 ब्लॉकों में कांग्रेस का प्रदर्शन

महंगाई के खिलाफ 22 ब्लॉकों में कांग्रेस का प्रदर्शन

इंदौर। बढ़ती महंगाई और घरेलू बजट पर पड़ रहे दबाव को लेकर इंदौर शहर कांग्रेस गुरुवार को शहर के सभी 22 ब्लॉकों में प्रदर्शन करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर होने वाले इस आंदोलन में कांग्रेस कार्यकर्ता शक्कर, पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण, घरेलू गैस सिलेंडर और बिजली की बढ़ी दरों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाएंगे। शहर के अलग-अलग इलाकों में सुबह 10 बजे से प्रदर्शन शुरू होंगे, जिनमें पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि आंदोलन को लेकर सभी 22 ब्लॉकों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शक्कर की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। चौकसे का दावा है कि शक्कर के दाम में 30 से 35 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम में इसका असर और ज्यादा महसूस होगा। रक्षाबंधन के बाद गणेश चतुर्थी, श्राद्ध पक्ष, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार आने वाले हैं, ऐसे में शक्कर की महंगाई का सीधा असर परिवारों के खर्च पर पड़ेगा।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार ने विरोध के दबाव में शक्कर की कीमत में मामूली कमी की है, लेकिन इससे आम उपभोक्ताओं को पर्याप्त राहत नहीं मिली है। पार्टी का कहना है कि आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से पहले ही परेशान परिवारों पर त्योहारों के दौरान अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

एथेनॉल मिश्रण और पेट्रोल का मुद्दा भी उठाएगी कांग्रेस

प्रदर्शन के दौरान पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। चौकसे ने आरोप लगाया कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के कारण वाहनों की माइलेज और रखरखाव पर असर पड़ रहा है। कांग्रेस का कहना है कि रोजाना वाहन चलाकर आजीविका कमाने वाले लोगों पर ईंधन और वाहन रखरखाव की बढ़ती लागत का अतिरिक्त भार पड़ रहा है।

बढ़े बिजली बिल और गैस सिलेंडर पर सरकार को घेरने की तैयारी

बिजली की बढ़ी दरों और उपभोक्ताओं के बढ़ते बिल को लेकर भी कांग्रेस विरोध दर्ज कराएगी। चौकसे ने आरोप लगाया कि बिजली चोरी से होने वाले नुकसान का भार नियमित रूप से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। इसके अलावा घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर भी कांग्रेस सरकार से राहत की मांग करेगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि रसोई गैस महंगी होने से सीधे तौर पर घरेलू बजट प्रभावित होता है।

इन 22 स्थानों पर प्रदर्शन

कांग्रेस के अनुसार सुबह 10 बजे चंदन नगर पेट्रोल पंप, बाणगंगा पेट्रोल पंप के पास, स्कीम नंबर 51 पुलिस चौकी, एरोड्रम 60 फीट रोड स्थित एमपी पब्लिक स्कूल के पास, मंगल नगर पेट्रोल पंप-आम वाला चौराहा, परदेशीपुरा चौराहा, स्कीम नंबर 54 पावर हाउस-कस्तूरी सभागृह, रोबोट चौराहा, स्कीम नंबर 78 टेंपो स्टैंड, छावनी चौराहा, हरसिद्धि मंदिर रोड, राजबाड़ा पुलिस चौकी, माणिकबाग रोड पुलिस चौकी, गंगवाल बस स्टैंड-लाबरिया भेरू, महू नाका, फूटी कोठी चौराहा, तिलक नगर बैंक के पास, गीताभवन, विकास नगर थाना एमआईजी, मुसाखेड़ी पुराना टेंपो स्टैंड चौराहा, सिलिकॉन सिटी गेट और तेजाजी नगर चौराहा पर प्रदर्शन किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments