HomeBreaking Newsनेपाल में बाढ़ का कहर, 157 की मौत, 700 लोग लापता

नेपाल में बाढ़ का कहर, 157 की मौत, 700 लोग लापता

काठमांडू। नेपाल के रसुवा और आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह भोटेकोशी नदी में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी। जल प्रलय में अब तक कम से कम 157 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 700 लोग लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में विदेशी नागरिकों के साथ नेपाल पुलिस, नेपाली सेना और सशस्त्र प्रहरी बल के जवान भी शामिल हैं। बाढ़ का असर तीन जिलों में व्यापक रूप से पड़ा है और कई इलाकों में घर, वाहन, सड़कें और जरूरी बुनियादी ढांचा पानी की तेज धार में बह गया है। इसे हाल के वर्षों में नेपाल की सबसे घातक जल आपदाओं में से एक माना जा रहा है।

नेपाल पुलिस ने देररात एक्स पर जारी अपडेट में रसुवा जिले में बाढ़ से मृतकों की संख्या 157 होने की पुष्टि की। इससे पहले जारी जानकारी के अनुसार, चीन की सीमा से लगे रसुवा के अलावा भारत की सीमा से सटे इलाकों में भी शव बरामद किए गए हैं। चितवन में नारायणी नदी से 64 शव मिले हैं। गोरखा में 19, धादिंग में 18, नुवाकोट में 11, तनहु में नौ और नवलपरासी में एक शव बरामद किया गया है।

सुरक्षाकर्मी और पर्यटक भी लापता

जिला प्रशासन कार्यालयों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 245 स्थानीय लोग अब तक संपर्कविहीन हैं। इसके अलावा नेपाल पुलिस के 26, नेपाली सेना के 22 और सशस्त्र प्रहरी बल के 13 जवान भी लापता हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 384 पर्यटकों से भी संपर्क टूट गया है। नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार लापता पर्यटकों में 139 भारतीय नागरिक शामिल हैं, जबकि 37 भारतीय मूल के गैर-आवासीय भारतीय भी लापता बताए गए हैं।

216 लोगों को बचाया गया

नेपाल पुलिस के मुताबिक बाढ़ में घायल 81 लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और काठमांडू सहित आसपास के जिलों में उनका इलाज चल रहा है। राहत और बचाव अभियान के दौरान अब तक 216 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। इनमें 123 लोगों को हेलीकॉप्टर के जरिए और 93 लोगों को जमीनी रास्ते से बचाया गया।

पुल और राजमार्ग भी बाढ़ में बहे

बाढ़ ने नेपाल के परिवहन और संपर्क तंत्र को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार 35 पुल और 45 सस्पेंशन ब्रिज बह गए हैं, जिससे कई इलाकों का संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है। करीब 40 किलोमीटर राजमार्ग भी बाढ़ की चपेट में आया है। अधिकारियों के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में हालात अभी भी गंभीर बने हुए हैं और बचाव एवं राहत अभियान लगातार जारी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments