HomeBreaking Newsनेपाल की बाढ़ से बिहार में अलर्ट, गंडक नदी का जलस्तर घटा

नेपाल की बाढ़ से बिहार में अलर्ट, गंडक नदी का जलस्तर घटा

पटना। नेपाल में ग्लेशियर टूटने के बाद आई भीषण बाढ़ से भारी तबाही के बीच बिहार में भी प्रशासन सतर्क हो गया है। गंडक नदी से जुड़े आठ जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है और संवेदनशील इलाकों में एनडीआरएफ तथा एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। हालांकि गुरुवार सुबह गंडक नदी के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई, जिससे फिलहाल राहत के संकेत मिले हैं। पश्चिमी चंपारण प्रशासन ने तटवर्ती इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

वाल्मीकिनगर बराज पर घटा जलस्राव

गंडक नदी में बुधवार रात पानी बढ़ने के बाद वाल्मीकिनगर बराज पर जलस्राव में लगातार कमी दर्ज की गई। रात 12 बजे बराज पर करीब 1.50 लाख क्यूसेक पानी दर्ज किया गया था। इसके बाद रात 12:30 बजे जलस्राव घटकर 1.42 लाख क्यूसेक, रात दो बजे 1.04 लाख क्यूसेक और गुरुवार सुबह चार बजे करीब 81,800 क्यूसेक रह गया।

जल संसाधन विभाग के आकलन के अनुसार वाल्मीकिनगर बराज पर जलस्राव में आगे भी कमी आने की संभावना है।

पश्चिमी चंपारण में प्रशासन अलर्ट

पश्चिमी चंपारण के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने बताया कि तिब्बत और नेपाल में आई बाढ़ के कारण वाल्मीकिनगर बराज और अन्य संवेदनशील स्थानों पर प्रशासनिक टीमें अलर्ट पर हैं। अधिकारियों ने विभिन्न तटबंधों और बराज का निरीक्षण किया है। नेपाल के देवघाट में पानी का स्तर बढ़ने के बाद गुरुवार सुबह करीब नौ बजे वाल्मीकिनगर बराज पर पानी पहुंचने की संभावना जताई गई थी।

प्रशासन का अनुमान है कि पानी का स्तर खतरे के निशान से नीचे रहेगा और स्थिति सामान्य बनी रह सकती है। इसके बावजूद तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क कर दिया गया है।

नेपाल में भारतीयों के लापता होने पर चिंता

नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ को लेकर निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने चिंता जताते हुए कहा कि 133 भारतीयों के लापता होने की सूचना है और हालात अच्छे नहीं हैं। उन्होंने भारत, नेपाल और चीन के बीच समन्वय के साथ बाढ़ से निपटने की जरूरत बताई।

कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने भी बिहार पर बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए राज्य सरकार से सतर्क रहने और नेपाल की मदद करने की अपील की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments