बोकारो। चास थाना क्षेत्र के जोधाडीमोड़ के समीप एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट की पानी टंकी से ठेका कर्मी संत कुमार सिंह का शव बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार संत कुमार पिछले दो दिनों से लापता थे। पानी टंकी से उनका शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
परिजनों के अनुसार संत कुमार सिंह अपने मित्र मंतोष सिंह के पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने वाराणसी गए थे। वहां पहुंचने के बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। जब परिवार ने उनके साथ गए लोगों से संपर्क किया तो कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। अनहोनी की आशंका को लेकर परिजन थाने पहुंचे, लेकिन दो दिन बाद पानी टंकी से शव मिलने की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
हत्या की आशंका जताते हुए आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
काफी मशक्कत के बाद प्रशासन ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम हटाया।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
