हिमाचल में अगले तीन दिन वर्षा-बर्फबारी का अनुमान, अलर्ट जारी

शिमला : हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से धूप खिली हुई थी, लेकिन अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में तीन फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश के अधिकतर इलाकों में बारिश और बर्फबारी होगी। इस बदलाव के चलते तीन से पांच फरवरी तक प्रदेश के मैदानी व मध्य पर्वतीय जिलों में बारिश और उच्च पर्वतीय जिलों में भारी बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान तेज हवाएं चलने और आसमानी बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है।

चार फरवरी को तेज अंधड़ और बिजली गिरने की चेतावनी, येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने चार फरवरी को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में तेज़ अंधड़ चलने और आसमानी बिजली गिरने की चेतावनी दी है। साथ ही बारिश-बर्फबारी के कारण शीतलहर तेज होने की संभावना है। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात की संभावना जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में भारी गिरावट आएगी और सर्दी बढ़ेगी। हालांकि छह फरवरी से मौसम साफ होने की उम्मीद है और छह से आठ फरवरी तक प्रदेश में मौसम सामान्य बना रहेगा।

लाहौल-स्पीति में कड़ाके की ठंड, कई जगह पारा शून्य से नीचे

प्रदेश में ठंड का असर लगातार जारी है। बीती रात राज्य की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया, जिससे शीतलहर तेज हो गई। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति और किन्नौर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया।

लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान -9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी जिले के ताबो में तापमान -7.8 डिग्री और केलांग में -6 डिग्री दर्ज किया गया। किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान -2.3 डिग्री रहा।

शिमला और मनाली में भी ठंड बढ़ी

प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलाें में शुमार शिमला और मनाली में भी ठंड बढ़ गई है। मनाली में रविवार को न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री और शिमला में 4 डिग्री दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में भी ठंड का असर देखने को मिल रहा है और कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसन विभाग के अनुसार पिछले 24 घण्टों में राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में -0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तीन फरवरी से प्रदेश में मौसम करवट लेगा और पांच फरवरी तक बारिश-बर्फबारी होगी। यह स्थिति ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले व मैदानी इलाकों में सामान्य बारिश ला सकती है। हिमपात और बारिश के कारण तापमान में तेज गिरावट आएगी, जिससे सर्दी और अधिक बढ़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *